दिव्यानी लिंडा को सम्मानित किया गया
रांची : झारखंड की अंतरराष्ट्रीय महिला फुटबॉल खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शुक्रवार को उनके गांव चंद्र में जाकर सम्मानित किया। मंत्री ने दिव्यानी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि दिव्यानी ने सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड और भारत का नाम रोशन किया है।
परिवार को सहायता का आश्वासन
दिव्यानी लिंडा के घर की जर्जर स्थिति देखकर संजय सेठ ने परिवार को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले नया घर बनवाने में वे पूरी सहायता करेंगे, ताकि परिवार को किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े। मंत्री ने यह भी कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए समाज और सरकार को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।
भाई के उपचार के लिए एम्स भेजने का आश्वासन
इस मुलाकात के दौरान दिव्यानी लिंडा के भाई की गंभीर बीमारी की जानकारी भी सामने आई। इस पर संजय सेठ ने तुरंत पहल करते हुए बेहतर इलाज का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दिव्यानी के भाई को जल्द ही दिल्ली के एम्स में भेजने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि उन्हें उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सुविधा मिल सके। कार्यक्रम के दौरान, स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब के 200 से अधिक खिलाड़ियों और बच्चों ने केंद्रीय मंत्री का जोरदार स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साह से भर गया।
क्लब ने दिव्यानी की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया
इस अवसर पर स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब के संरक्षक जगदीश सिंह ‘जग्गू’, उप संरक्षक रामेंद्र कुमार, रेशमी तिर्की, सुरेंद्र उरांव और क्लब के संस्थापक सह कोच अनवरूल हक उर्फ बबलू उपस्थित थे। सभी ने दिव्यानी लिंडा की उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए कहा कि उन्होंने गांव और झारखंड की बेटियों के लिए एक नई प्रेरणा बनाई है। स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब लंबे समय से ग्रामीण बच्चों को निःशुल्क फुटबॉल प्रशिक्षण और शिक्षा प्रदान कर रहा है, जिसके कई खिलाड़ी आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं।
