रांची : रांची पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है, जिसमें 30 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, 135 से अधिक लंबित वारंटों का निष्पादन भी किया गया है। रांची पुलिस द्वारा अपराध पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। इससे पूर्व, 17 मई को भी इस ऑपरेशन के तहत 100 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था।
इस अभियान का संचालन रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी ने किया। पुलिस की विभिन्न टीमों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में देर रात तक छापेमारी की, जिसमें फरार अपराधियों, वारंटियों और संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
अपराध नियंत्रण हेतु ‘ऑपरेशन प्रहार’
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, संगठित अपराधों पर अंकुश लगाना और लंबित वारंटों का निष्पादन करना है। पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ एक ठोस रणनीति बनाई है, जिसके तहत समय-समय पर इस अभियान को सक्रिय किया जा रहा है।
अभियान के दूसरे चरण में, पुलिस की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर कई ऐसे अपराधियों को पकड़ा, जो लंबे समय से फरार थे और पुलिस को चकमा दे रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कई वारंटी और गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित हैं।
इस अभियान में जिले के सभी पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस टीमों ने संवेदनशील इलाकों, अपराध प्रभावित क्षेत्रों और संदिग्ध स्थानों पर विशेष निगरानी रखी।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि रांची पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए पुलिस पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
