रांची: झारखंड की सीआईडी की साइबर क्राइम पुलिस ने फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी बृजेश सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

सीआईडी की उपाधीक्षक नेहा बाला ने रविवार को जानकारी दी कि इस संबंध में 10 मार्च को साइबर क्राइम थाना में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे व्हाट्सएप के माध्यम से एफएक्सपीआरओ ग्रुप सीसी नामक समूह से जोड़ा गया था, जिसके बाद उसे एक वेबसाइट के जरिए फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश करने का प्रलोभन दिया गया।

भिन्न-भिन्न बैंक खातों में किए गए थे पैसे जमा

जांच के दौरान यह पता चला कि साइबर ठगों ने विभिन्न बैंक खातों में निवेश के नाम पर पैसे जमा किए। पहले चरण में उन्हें मुनाफा दिखा कर पीड़ित का विश्वास जीता गया, जिसके चलते धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश करवाई गई। इस मामले में अब तक लगभग 8.52 करोड़ रुपये की ठगी की पुष्टि हो चुकी है।

आरोपी के पास से बरामद सामान

तकनीकी अनुसंधान और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सीआईडी की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड और चेकबुक सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।