रांची: झारखंड पात्रता परीक्षा (जेट) को लेकर एक बार फिर विवाद उत्पन्न हो गया है। रविवार को राज्यभर में आयोजित हुई इस परीक्षा के दौरान ओड़िया और शिक्षा विषय के प्रश्नपत्रों में गंभीर गड़बड़ी देखी गई। कई परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र समय पर नहीं पहुंच सके और जो पहुंचे, उनकी प्रिंटिंग गुणवत्ता भी खराब थी, जिससे छात्रों को प्रश्न पढ़ने में कठिनाई हुई।
इस स्थिति का पता लगते ही झारखंड लोक सेवा आयोग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों विषयों की परीक्षा को पूरे राज्य में रद्द कर दिया है। आयोग ने बताया कि ओड़िया (कोड-023) और शिक्षा (कोड-009) विषय की परीक्षा नई तिथि पर आयोजित की जाएगी, जिसकी सूचना बाद में दी जाएगी।
रांची के शहीद चौक स्थित एएसटीवीएस डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस और बोकारो के सेक्टर-9 में स्थित सरदार पटेल पब्लिक स्कूल में भी प्रश्नपत्रों की कमी और प्रिंटिंग की समस्या सामने आई।
राज्य के छह जिलों रांची, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, हजारीबाग और देवघर में कुल 430 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा एक ही पाली में दो पेपरों के साथ संपन्न हुई, जिसमें पहले पेपर में शिक्षण व शोध क्षमता, सामान्य अध्ययन और तर्कशक्ति, जबकि दूसरे पेपर में अभ्यर्थियों के वैकल्पिक विषय से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
इस परीक्षा का उद्देश्य विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक की नियुक्ति के लिए पात्रता तय करना है, साथ ही पीएचडी में नामांकन का भी रास्ता खोलना है। उल्लेखनीय है कि यह परीक्षा पहले 2007-08 में आयोजित की गई थी, जो उस समय भी विवादों में रही थी।
परीक्षा केंद्रों पर हंगामा
जहां प्रश्नपत्र नहीं पहुंचे, वहां अभ्यर्थियों को परीक्षा समाप्त होने तक केंद्र के अंदर रोके रखा गया। जब वे बाहर निकले, तो नाराज अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। उनका कहना था कि आयोग की लापरवाही का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। कई छात्र दूर-दराज के जिलों से तेज गर्मी में परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन परीक्षा नहीं दे सके।
प्रश्नपत्र के स्तर पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि कुछ विषयों जैसे एकाउंट्स, कॉमर्स और अंग्रेजी के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन थे। वहीं सामान्य अध्ययन के प्रश्नों को संतुलित और मानक माना गया। कुछ टाइपिंग त्रुटियों को छोड़कर अधिकांश प्रश्न ठीक पाए गए।
अब अभ्यर्थियों की नजर आयोग के अगले निर्णय और नई परीक्षा तिथि पर टिकी हुई है।
