राजधानी रांची के धुर्वा में स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में गुरुवार को रथयात्रा महोत्सव-2026 का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धा और आस्था का अद्भुत मेल देखने को मिला। इस महोत्सव में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भाग लिया। दोनों ने भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सीएम हेमन्त सोरेन ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर “जय-जय जगन्नाथ” के जयकारों से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालु भी इस पावन अवसर के साक्षी बने और उत्साहपूर्वक रथयात्रा में शामिल हुए।

मंदिर की पहचान बढ़ाने के लिए बनेगा भव्य तोरणद्वार

रथयात्रा के मौके पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सीएम हेमन्त सोरेन ने महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि जगन्नाथपुर मंदिर की भव्यता और पहचान को और सुदृढ़ किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार मंदिर को जोड़ने वाली सड़क पर एक भव्य तोरणद्वार का निर्माण करेगी, जिससे दूर से ही मंदिर की विशिष्टता नजर आए।

सीएम ने कहा कि जगन्नाथपुर मंदिर झारखंड की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर है। इसे पर्यटन के मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि रथयात्रा महोत्सव का श्रद्धालु पूरे वर्ष इंतजार करते हैं और आज की भीड़ इस मंदिर की लोकप्रियता और धार्मिक महत्व को दर्शाती है। आने वाले वर्षों में इस मेले को और अधिक व्यवस्थित, भव्य और प्रभावी बनाने की योजना है।

राज्यपाल और सीएम ने दी रथयात्रा की शुभकामनाएं

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और सीएम हेमन्त सोरेन ने प्रदेशवासियों को रथयात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाएं तथा राज्य निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।
रथयात्रा महोत्सव में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला।