रांची: राजधानी रांची में 9 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच और आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए रांची पुलिस के द्वारा सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की जाएगी. इसे देखते हुए रांची के एसएसपी कार्यालय की ओर से पुलिसकर्मियों की छुट्टियों को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का आदेश जारी किया गया है.

क्या आदेश में

जारी आदेश के अनुसार, भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के साथ-साथ दुर्गा पूजा 2026 को लेकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जानी है. इसके लिए पुलिस मुख्यालय, झारखंड, रांची से पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध किया गया है. ऐसे में पुलिस अफसरों और कर्मियो की छुट्टी रद्द की जाती है.

छुट्टी पर गए पुलिसकर्मियों को वापस बुलाया गया

आदेश में कहा गया है कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों का अवकाश तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाता है. जो पुलिस पदाधिकारी या कर्मी पहले से अवकाश लेकर जिले से बाहर जा चुके हैं, उन्हें 6 अक्टूबर 2026 की अपराह्न तक अपने जिले में वापस योगदान देना होगा. साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने अधीनस्थ पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आदेश की जानकारी देते हुए उनकी वापसी सुनिश्चित करें.

थाने से लेकर पुलिस मुख्यालय तक अलर्ट आदेश की प्रति पुलिस अधीक्षक, नगर/ग्रामीण/यातायात, पुलिस उपाधीक्षक, नगर नियंत्रण कक्ष, सभी सहायक पुलिस अधीक्षक, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारियों को भेजी गई है. सभी अधिकारियों को अपने स्तर से आवश्यक सूचना उपलब्ध कराने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है.