चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ द्वारा और रुंगटा संस प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित 15 दिवसीय शतरंज समर कैंप का समापन समारोह रविवार को सीताराम रुंगटा रीक्रिएशन हॉल, टाउन क्लब में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सदर पुलिस पदाधिकारी बहमन टूटी, संघ के संरक्षक एवं नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, दीपेंद्र प्रसाद साहू और संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा उपस्थित थे।

खिलाड़ियों को मिला प्रशस्ति पत्र

संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि नियमित प्रशिक्षण के परिणामस्वरूप जिले के कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संघ की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए शहर में एक भव्य हॉल की आवश्यकता है। इस समर कैंप में 38 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्य प्रशिक्षक मनीष शर्मा और सह प्रशिक्षक सूरज टीयू को स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया।

भव्य टाउन हॉल निर्माण की मांग

संरक्षक नितिन प्रकाश ने कहा कि संघ लगातार प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण आयोजित कर रहा है। उन्होंने बताया कि अब दूसरे राज्यों के खिलाड़ी भी चाईबासा में खेलने आते हैं। नगर परिषद भव्य टाउन हॉल के निर्माण के लिए जिला प्रशासन से अनुरोध कर रही है और इसे जल्द शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।

30 सितंबर से इंटरनेशनल शतरंज प्रतियोगिता

समारोह के दौरान अतिथियों ने द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के परिपत्र और पोस्टर का अनावरण किया। यह प्रतियोगिता 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक खिरवाल बैंक्विट हॉल, चाईबासा में आयोजित होगी। अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने कहा कि इस वर्ष प्रतियोगिता और भी भव्य होगी, और संघ का लक्ष्य 500 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

6 लाख की इनामी राशि

महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 6 लाख रुपये की इनामी राशि रखी गई है। पहले, दूसरे और तीसरे पुरस्कार क्रमशः 1 लाख, 60 हजार और 40 हजार रुपये होंगे। कुल 75 खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और 50 अंडर एज ग्रुप के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इस प्रतियोगिता में कई अंतरराष्ट्रीय ग्रैंडमास्टर एवं इंटरनेशनल मास्टर भी भाग लेंगे। मंच संचालन महासचिव बसंत खंडेलवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सह सचिव अनंत लाल विश्वकर्मा ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बलराम सुल्तानिया, नरेंद्रनाथ पांडे, अर्पित खिरवाल, सुशील चोमाल, सुनील शर्मा, सुनील रुंगटा सहित कई अन्य विशिष्ट व्यक्तियों ने भाग लिया।