जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में बंगाल क्लब रोड पर हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक अवैध देसी पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में यह जानकारी मिली है कि आरोपी ने दुकानदारों को डराने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की थी।
19 जून की रात हुई फायरिंग
पुलिस के अनुसार, 19 जून की रात लगभग 10 बजे, बंगाल क्लब रोड पर अभिषेक जुबली चाय दुकान के पास एक अज्ञात युवक ने फायरिंग की थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद साकची थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 7.65 एमएम का एक खोखा बरामद किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तारी
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। 21 जून को उसे सीतारामडेरा बस स्टैंड की ओर जाते समय हाथीघोड़ा मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में विपिन शुक्ला ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने स्वर्णरेखा नदी किनारे झाड़ियों में छिपाई गई अवैध पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की।
रंगदारी के लिए की गई फायरिंग
सोमवार को एक प्रेस वार्ता में सिटी डीएसपी सुधीर कुमार महतो ने बताया कि आरोपी का उद्देश्य दुकानदारों में भय का माहौल बनाना और रंगदारी वसूलना था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी अकेला इस वारदात में शामिल था, या इसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है।
चर्चित अपराधी से संबंध
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार युवक विपिन शुक्ला का संबंध चर्चित अपराधी दशरथ शुक्ला से है, जो उसका भाई बताया जा रहा है। दशरथ का नाम पहले मिराज सिनेमा के मालिक हरीश सिंह पर हुई फायरिंग के मामले में भी सामने आ चुका है। वह रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आया है।
