जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड के कोवाली थाना क्षेत्र में हल्दीपोखर स्थित एक टेंट हाउस के गोदाम में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा टेंट, सजावटी सामान और अन्य उपकरण जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
हल्दीपोखर में सुदामा टेंट हाउस के गोदाम से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उसका धुआं और लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सामूहिक प्रयास से आग पर पाया गया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। ग्रामीणों ने पानी और कार्बन गैस का इस्तेमाल कर आग को फैलने से रोका। स्थानीय नागरिकों के सामूहिक प्रयास से कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के घरों और प्रतिष्ठानों को बचाया जा सका और एक बड़ा हादसा टल गया।
शार्ट सर्किट से लगी आग
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग लगने के कारण गोदाम में रखे बड़े पैमाने पर सामान जल गए हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है, और प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हुई है। प्रशासन और संबंधित विभाग इस मामले की जांच के साथ-साथ नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं।
