देवघर: देवघर जिले में मंगलवार को एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। यह घटना कुंडा थाना क्षेत्र की है, जहां माला देवी नामक महिला का शव उनकी चाय दुकान से बरामद किया गया है। जैसे ही घटना की सूचना मिली, आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार का पालन-पोषण चाय दुकान से करती थीं
स्थानीय निवासियों के अनुसार, माला देवी कुंडा थाना के समीप चाय की दुकान चलाती थीं, और वहीं अपने पति और भाई के साथ निवास करती थीं। घटना के बाद से उनके पति और भाई दोनों फरार बताए जा रहे हैं, जिससे पुलिस की जांच इन दोनों पर केंद्रित हो गई है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही कुंडा थाना पुलिस और एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है, ताकि साक्ष्य एकत्र करने में मदद मिल सके। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की बेटी ने सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल
मृतका की बेटी ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि थाना के इतनी नजदीक हत्या होना कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है, और पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
पुलिस हर पहलू पर ध्यान दे रही है
पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा की गई है या फिर परिवार के किसी सदस्य का इसमें हाथ है। पति और भाई के फरार होने से संदेह गहरा गया है। पुलिस फिलहाल जांच को प्रभावित न करने के लिए कुछ भी खुलकर कहने से बच रही है।
