रांची। राजधानी के मोरहाबादी मैदान में गुरुवार को 29वें एक्सपो उत्सव 2026 का भव्य आगाज हुआ। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने एक्सपो का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद राज्यपाल ने एक्सपो परिसर का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। आयोजन शुरू होते ही मोरहाबादी मैदान में लोगों की आवाजाही भी बढ़ने लगी।

इस बार एक्सपो में कुल 410 स्टॉल लगाए गए हैं। करीब 2.5 लाख वर्गफीट क्षेत्र में आयोजित इस एक्सपो में विभिन्न कंपनियों और कारोबार से जुड़े उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। भारत के अलावा अफगानिस्तान, थाईलैंड, दुबई और श्रीलंका से भी स्टॉल पहुंचे हैं।

ऑटो जोन का बढ़ा दायरा

इस बार एक्सपो में ऑटो जोन का क्षेत्र बढ़ाया गया है। इसके साथ ही पहली बार जूनियर मास्टरशेफ, एक्सपो टैंक और भजन जैमिंग जैसे कार्यक्रमों को भी शामिल किया गया है। बच्चों के मनोरंजन के लिए अम्यूजमेंट पार्क में किड्स जोन और नए गेम्स की व्यवस्था की गई है।

ब्लड डोनेशन और हेल्प कैंप भी

एक्सपो उत्सव में सामाजिक गतिविधियों को भी जगह दी गई है। परिसर में ब्लड डोनेशन कैंप और हेल्प कैंप लगाए गए हैं। आयोजकों के मुताबिक, इस बार एक्सपो को सिर्फ खरीदारी तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के लिए भी इसे एक मंच के रूप में तैयार किया गया है।

खरीदारी के साथ मनोरंजन का भी मौका

29वें एक्सपो उत्सव में अलग-अलग श्रेणियों के स्टॉल, ऑटो जोन, मनोरंजन कार्यक्रम और बच्चों के लिए विशेष गतिविधियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। मोरहाबादी मैदान में शुरू हुए इस आयोजन से राजधानी में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही लोगों को एक ही परिसर में खरीदारी, मनोरंजन और विभिन्न गतिविधियों का अनुभव मिलेगा।