खूंटी। खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कच्चाबारी पंचायत के कर्रा-लोधमा-धुर्वा मार्ग पर तिग्गा नदी पुल के नीचे प्लास्टिक के बोरे में बंद एक युवती का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर कर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। युवती की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच है। उसके शरीर पर शर्ट थी और शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर पुल के नीचे फेंका गया था। बताया गया कि जिस बोरे में शव रखा गया था, वह मैदा का बोरा था। शव पर मैदा भी लगा हुआ मिला।

सुबह शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने युवती को पहचानने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के इलाकों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद उसके शव को बोरे में बंद कर तिग्गा नदी पुल के नीचे फेंका गया होगा। हालांकि, अभी तक हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों के संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और परिस्थितियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

युवती की पहचान के लिए पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है। इसके अलावा हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं मृतका की गुमशुदगी की रिपोर्ट किसी थाने में दर्ज तो नहीं है।

पुलिस का कहना है कि मृतका की पहचान होने के बाद ही मामले की जांच को आगे बढ़ाने और घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब छह से आठ माह पहले भी कर्रा थाना क्षेत्र के कटमकूकू जंगल से अलग-अलग तिथियों में एक पुरुष और एक महिला का शव बरामद हुआ था। दोनों शवों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।-