मुंबई: फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज‘ का टीजर रिलीज हो चुका है, जिससे फैंस की उत्सुकता बढ़ गई है। लेकिन इस टीजर से पहले एक खबर ने सोशल मीडिया पर हलचल पैदा कर दी। सूत्रों के अनुसार, दावा किया जा रहा है कि इस फिल्म में ‘बड़े साहब’ का किरदार सुपरस्टार सलमान खान निभा रहे हैं। यह अटकलें एक वायरल तस्वीर से शुरू हुई, जिसमें सलमान खान, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल ‘धुरंधर 2‘ के सेट पर शूट करते नजर आ रहे हैं।
क्या सलमान खान ने ‘बड़े साहब’ की भूमिका में एंट्री की?
सोशल मीडिया यूजर @devaimation ने इस फोटो को अपने इंस्टाग्राम पर साझा किया है। फोटो के कैप्शन में कहा गया कि यह हाई-सिक्योरिटी शूट के दौरान दूर से ली गई तस्वीरें हैं। इसमें सलमान खान एक सीक्वेंस शूट कर रहे हैं, जबकि अर्जुन रामपाल (मेजर इकबाल) और संजय दत्त (एसपी असलम) उनके साथ दिखाई दे रहे हैं। फैंस का मानना है कि ‘बड़े साहब’ का राज आखिरकार खुल गया है। पहले भाग में ‘बड़े साहब’ का नाम बार-बार लिया गया था, जो एक शक्तिशाली किरदार है और पाकिस्तान से ऑपरेशन कंट्रोल करता है, लेकिन उसका चेहरा कभी नहीं दिखाया गया।
हालांकि, जल्द ही पता चला कि यह तस्वीर असली नहीं थी। दरअसल, यह एक AI द्वारा जनरेट की गई इमेज निकली। जिस अकाउंट से यह पोस्ट किया गया, वह पहले भी एआई इमेजेस साझा करता रहा है। तस्वीर में सलमान खान का लुक वास्तविक लग रहा था, लेकिन कुछ छोटी-छोटी गलतियों जैसे हाथों की पोजीशन, बैकग्राउंड की रोशनी और चेहरों के विवरण से साफ हो गया कि यह रियल नहीं है। कई फैक्ट-चेकिंग साइट्स और समाचार पोर्टलों ने इसे फर्जी करार दिया।
19 मार्च 2026 को होगी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की रिलीज
फिल्म के मेकर्स या रणवीर सिंह की तरफ से ‘बड़े साहब’ के किरदार पर कोई आधिकारिक जानकारी अभी तक नहीं दी गई है। पहले पार्ट ने 1000 करोड़ से अधिक की कमाई की थी, और अब सीक्वल में कहानी पाकिस्तान के ल्यारी क्षेत्र में स्पाई हमजा (रणवीर सिंह) के प्रतिशोध पर केंद्रित है। टीजर में भी सलमान खान का उल्लेख नहीं है। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को रिलीज होगी।
