रांची। झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूली बच्चों को बड़ी राहत दी है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है, जो 21 अप्रैल 2026 से पूरे राज्य में लागू होगा।
नए आदेश के तहत केजी से कक्षा 8 तक के बच्चों की कक्षाएं सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक संचालित होंगी। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए स्कूल का समय सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस बदलाव का उद्देश्य बच्चों को तेज धूप और बढ़ती गर्मी से बचाना है।
दरअसल, राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पहले ही येलो अलर्ट जारी कर बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल टाइमिंग में बदलाव का निर्णय लिया।
सरकार ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों को निर्देश दिया है कि वे शेष समय में गैर-शैक्षणिक कार्यों को पूरा करें। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इस फैसले के बाद अभिभावकों में राहत का माहौल है। लोगों का मानना है कि सरकार का यह कदम बच्चों को भीषण गर्मी और लू से बचाने में प्रभावी साबित होगा।
