रांची। राजधानी रांची में दुर्गा पूजा की रौनक बढ़ गई है। बुधवार की शाम शहर के कई प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। पट खुलते ही मां दुर्गा के दर्शन के लिए भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई। आकर्षक विद्युत सज्जा, भव्य पंडाल और देश के प्रसिद्ध मंदिरों की तर्ज पर तैयार की गई कलाकृतियां श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनी हुई हैं। पूरा शहर भक्तिमय माहौल में रंगने लगा है और चारों ओर मां दुर्गा के जयकारे गूंज रहे हैं। इस वर्ष रांची के पूजा पंडालों में धार्मिक आस्था के साथ भारतीय स्थापत्य कला की झलक भी देखने को मिल रही है। कहीं वाराणसी के प्रसिद्ध स्वर्वेद महामंदिर का प्रारूप तैयार किया गया है, तो कहीं दक्षिण भारत के ऐतिहासिक बृहदेश्वर मंदिर की भव्यता को दशार्या गया है। वहीं, द्वारिका नगरी, पाताल लोक और अन्य धार्मिक प्रसंगों पर आधारित पंडाल भी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं।
अपर बाजार के जिला स्कूल मैदान स्थित श्री रामलला दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में स्वर्वेद महामंदिर की भव्य प्रतिकृति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी है। वहीं, बकरी बाजार स्थित भारतीय युवक संघ ने बृहदेश्वर मंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार किया है। मेन रोड स्थित चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में द्वारिका नगरी और द्वारका मंदिर की थीम देखने को मिल रही है।
रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा पंडाल में भगवान विष्णु के वामन अवतार और पाताल लोक की कल्पना को साकार किया गया है। अपर बाजार के बांग्ला स्कूल पंडाल में कैलाश मंदिर की थीम पर मां दुर्गा का दरबार सजाया गया है। इन पंडालों के पट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं को भव्य सजावट और धार्मिक कलाकृतियों को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है।
अगले कुछ दिनों तक रहेगी दुर्गोत्सव की धूम
रांची में दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समितियों ने व्यापक तैयारियां की हैं। पंडालों के पट खुलने के साथ ही शहर में उत्सव का माहौल और तेज हो गया है। आने वाले दिनों में अन्य प्रमुख पंडालों के पट खुलने के बाद श्रद्धालुओं की चहल-पहल और बढ़ने की उम्मीद है। मां दुर्गा के दर्शन, भव्य पंडालों की सजावट और धार्मिक आयोजनों के बीच राजधानी रांची में दुर्गोत्सव की रौनक छाने लगी है।