सरकारी राशन दुकानदारों ने राज्य सरकार को दिया अल्टीमेटम, कहा
रांची। राज्य के पीडीएस दुकानदार सरकार की वादाखिलाफी से नाराज होकर आंदोलन की राह पर हैं। इसी क्रम में आज रांची के अशोक नगर में फेयर प्राईस शॉप डीलर्स एसोसिएशन की राज्यस्तरीय बैठक हुई। जिसमें सभी जिलों के राशन दुकानदार शामिल हुए। इस मौके पर राशन दुकानदारों ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि उनकी कमीशन की राशि का भुगतान त्योहार से पहले नहीं होता है तो सरकार के खिलाफ वह आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे।
हालांकि राज्यस्तरीय बैठक में मौजूद वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने राशन दुकानदारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांगें सरकार तक वह पहुंचने का काम करेंगे और विभागीय मंत्री इरफान अंसारी के समक्ष रखेंगे। आवश्यकता पड़ने पर कैबिनेट की बैठक में भी इस पर चर्चा होगी।
राशन दुकानदार आखिर क्यों हैं नाराज : राज्य के करीब 25000 राशन दुकानदारों का बीते 1 वर्ष से कमीशन की राशि बकाया है। इसके अलावे 2024-25 के कुछ महीनों का भी कमीशन की राशि सरकार के पास बकाया है। फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन भैया जी कहते हैं कि बीते दिनों विभागीय मंत्री के द्वारा राशन दुकानदारों के कमीशन का भुगतान करने की घोषणा की गई थी, लेकिन 12 महीने से बकाए कमीशन की राशि में महज तीन महीने का कमीशन देने का निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा 2024-25 का पहले से ही सरकार के पास कमीशन की राशि बकाया है। उन्होंने कहा कि कमीशन की राशि डेढ़ रुपये प्रति किलो से बढ़कर सरकार 2 रुपये प्रति किलो करे। साथ ही राज्य के 2 करोड़ 75 लाख लाभुकों के लिए जो सर्वर की व्यवस्था की गई है वह ठीक नहीं है। जिसके कारण वह बिना अनाज लिए घर लौट जाते हैं। ऐसे में हम 25000 राज्य के सरकारी दुकानदारों को अलग से सर्वर दे दिया जाए।
वहीं संगठन के प्रदेश प्रधान महामंत्री ज्ञानदेव झा ने कहा कि राज्य सरकार के द्वारा ग्रेन एटीएम लाने की कवायद की जा रही है। ग्रेन एटीएम लगने से राज्य के 25000 दुकानदारों की दुकानों का शटर बंद हो जाएगा। ऐसे में सरकारी दुकानों के दुकानदार बेरोजगार हो जाएंगे। ऐसे में उनके परिवार का क्या होगा इस पर सरकार को सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार हमारी मांगों पर सरकार विचार नहीं करती है तो या तो हम आंदोलन करेंगे या न्यायालय की शरण लेंगे।