चाईबासा: अवैध बालू लदे तीन वाहनों को किया गया जब्त, सोनुवा में खनन विभाग की कार्रवाई

पश्चिमी सिंहभूम जिले में बुधवार तड़के अवैध बालू परिवहन के खिलाफ जिला खनन कार्यालय ने बड़ी कार्रवाई की। खान निरीक्षक देवानंद शर्मा के नेतृत्व में सुबह लगभग 3 बजे अचानक निरीक्षण के दौरान वैधमारा रेलवे फाटक, सोनुवा के पास से बिना वैध कागजात के बालू लदे तीन ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़ा गया। इन वाहनों पर कुल मिलाकर लगभग 120 सीएफटी बालू लदा हुआ था। जब्त किए गए तीनों वाहनों को सोनुवा थाना के हवाले कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद गुदड़ी सोनुवा थाना की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिला आयुक्त के आदेश के बावजूद अवैध बालू परिवहन खुलेआम हो रहा है।

गुदड़ी से चक्रधरपुर तक अवैध गतिविधियों का चलन

सूत्रों के अनुसार, रोक के बावजूद गुदड़ी से अवैध बालू की लोडिंग कर सोनुवा थाना के बगल से होकर चक्रधरपुर तक पहुंचाया जा रहा है। बालू माफिया रात के समय प्रशासन की नजरों से बचकर बड़े पैमाने पर अवैध परिवहन कर रहे हैं। प्रशासन की सख्ती के बावजूद ये माफिया सक्रिय बने हुए हैं।

विभाग का कहना, कार्रवाई जारी रहेगी

जिला खनन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। खनन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध खनन और परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमित जांच अभियान चलाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अवैध खनन या परिवहन की सूचना जिला खनन कार्यालय या नजदीकी थाने को दें। अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।