रांची। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के एक प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतों और कार्रवाई के मुद्दे को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने रांची में विरोध प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की सदस्यों ने जिला स्कूल से आक्रोश मार्च निकाला और मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की सदस्यों ने कहा कि जेएनयू में प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतों को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि विश्वविद्यालय ने जांच के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की है। अकोइजम मणिपुर के इनर मणिपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद भी हैं।

महिला मोर्चा की सदस्यों के अनुसार, प्रोफेसर के खिलाफ 11 छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति में शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला सुरक्षा और यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों पर पार्टी को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और उनके सम्मान से जुड़े मामलों में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। कांग्रेस कार्यालय के आसपास बैरिकेडिंग की गई और पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।