रांची। राजधानी रांची में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में भव्य पूजा पंडालों का निर्माण तेजी से चल रहा है। कारीगर दिन-रात जुटकर पंडालों को अंतिम रूप देने में लगे हैं। इसी क्रम में श्रीरामलला पूजा समिति इस वर्ष श्रद्धालुओं को भक्ति, आध्यात्मिकता और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने का अवसर देने की तैयारी में है।
श्रीरामलला पूजा समिति इस वर्ष रांची जिला स्कूल परिसर में वाराणसी स्थित स्वर्वेद महामंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण करा रही है। समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने शनिवार को बताया कि समिति हर वर्ष धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े अलग-अलग भव्य प्रारूप श्रद्धालुओं के सामने प्रस्तुत करती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष स्वर्वेद महामंदिर को पंडाल का प्रारूप बनाया गया है।
समिति के महासचिव कुणाल अजवानी ने बताया कि प्रस्तावित पंडाल करीब 150 फीट चौड़ा और 100 फीट ऊंचा होगा। पंडाल के मध्य में करीब 30 फीट ऊंचा गर्भगृह बनाया जा रहा है। गर्भगृह में मां दुर्गा की करीब 14 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। चतुर्थी के दिन पंडाल का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पंडाल को आकर्षक और भव्य स्वरूप देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। बाहरी विद्युत सज्जा पर करीब पांच लाख रुपये, पंडाल निर्माण पर 75 लाख रुपये, प्रतिमा एवं आंतरिक विद्युत सज्जा पर 10 लाख रुपये तथा पूजा और अन्य व्यवस्थाओं पर करीब 35 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस तरह समिति का कुल बजट लगभग 1.25 करोड़ रुपये है।
