SIR-26 को लेकर CSC संचालकों को सख्त दिशा-निर्देश

गांडीव रिपोर्टर, 

गढ़वा। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार द्वारा कल ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से Special Intensive Revision (SIR)-2026 के संबंध में राज्य के CSC Centre संचालकों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में आज उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुद कुमार झा द्वारा CSC Centre संचालकों के साथ ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर SIR-2026 से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई तथा सभी संचालकों को पूरी सावधानी, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

VC के दौरान स्पष्ट किया गया कि SIR प्रक्रिया के अंतर्गत किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जी दस्तावेज, गलत जानकारी अथवा Electoral Data में हेरफेर को गंभीरता से लिया जाएगा।

CSC संचालकों के लिए प्रमुख दिशा-निर्देश

1. दस्तावेजों में किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करें

SIR प्रक्रिया के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाले किसी भी दस्तावेज में बदलाव, छेड़छाड़, कूट रचना अथवा किसी भी प्रकार का फर्जीवाड़ा नहीं किया जाएगा।

2. Electoral Data में Manipulation पूर्णतः प्रतिबंधित

किसी भी मतदाता के Electoral Data में गलत जानकारी दर्ज करना, तथ्य छिपाना अथवा किसी भी प्रकार का Manipulation करना पूर्णतः निषिद्ध है।

3. विदेशी नागरिकों के संबंध में विशेष सावधानी

SIR प्रक्रिया के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी विदेशी नागरिक का नाम अथवा दस्तावेज गलत तरीके से शामिल न हो। इस संबंध में सभी CSC संचालक विशेष सतर्कता बरतें।

4. खतियान एवं वंशावली/परिवार सूची

SIR से संबंधित दस्तावेजों के रूप में खतियान एवं वंशावली/परिवार सूची उपलब्ध कराई जा सकती है, जहां नियमानुसार इसकी आवश्यकता हो।

5. संदिग्ध अथवा फर्जी दस्तावेज पर ऑनलाइन प्रविष्टि नहीं

किसी व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराए गए गलत, फर्जी अथवा संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर CSC संचालक किसी भी प्रकार का ऑनलाइन आवेदन अथवा प्रविष्टि नहीं करेंगे। दस्तावेजों की सत्यता एवं जानकारी की शुद्धता का विशेष ध्यान रखना अनिवार्य होगा।

6. दोषी पाए जाने पर FIR एवं कानूनी कार्रवाई

यदि किसी CSC संचालक द्वारा गलत दस्तावेज, फर्जी जानकारी अथवा Electoral Data में छेड़छाड़/Manipulation किए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध BNS के प्रावधानों के तहत FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

गलत गतिविधि की तत्काल सूचना दें

उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुद कुमार झा ने सभी CSC संचालकों को निर्देश दिया कि SIR-2026 से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा गलत गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी अथवा अंचल अधिकारी को इसकी सूचना दें।

सावधानी और जिम्मेदारी से करें कार्य

SIR-2026 मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। अतः सभी CSC संचालक नियमों का अक्षरशः पालन करते हुए दस्तावेजों की शुद्धता,आवेदक द्वारा दी गई जानकारी तथा Electoral Data की सत्यता का विशेष ध्यान रखें।निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।