रांचीः राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में तीन बड़ी योजनाओं का रास्ता साफ हो गया है। करमटोली-चिरौंदी, अरगोड़ा-चापुटोली और हरमू फ्लाइओवर का टेंडर फाइनल हो गया है। इसके लिए दो माह पूर्व टेंडर निकाला गया था. तीनों योजनाओं के लिए अलग-अलग कंपनियों का एल-वन चयन किया गया है।अब रेट नेगोशिएशन के बाद कंपनियों को काम आवंटित किया जाएगा।अक्तूबर से तीनों फ्लाइओवर का निर्माण शुरू कराने की तैयारी है।
अक्टूबर से शुरू होने वाले 3 मुख्य फ्लाईओवर
- सहजानंद चौक से जज कॉलोनी (हरमू रोड): इसकी कुल लंबाई करीब 3.5 किलोमीटर होगी और इस परियोजना की अनुमानित लागत ₹326.61 करोड़ है। इस फ्लाईओवर पर सहजानंद चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए रातू रोड जाने के लिए गोशाला के सामने उतरने की अलग व्यवस्था (रैंप) होगी। यह मौजूदा रातू रोड फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरेगा, जिसकी ऊंचाई लगभग 23 फीट होगी।
- अरगोड़ा चौक फ्लाईओवर: अरगोड़ा चौक पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए ₹223.14 करोड़ का टेंडर जारी किया गया है। यह हरमू रोड में काव्स रेस्टोरेंट के पास से शुरू होगा।
- करमटोली से चिरौंदी एलिवेटेड कॉरिडोर: इस मार्ग पर भी टेंडर की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया गया है जिससे बोरेया और चिरौंदी की तरफ जाने वाले लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी।
