रांची में 2026 का झारखंड आदिवासी महोत्सव रविवार से मोरहाबादी मैदान में शुरू होने जा रहा है। इस महोत्सव के लिए आयोजन स्थल पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग वंदना दादेल ने शुक्रवार को मोरहाबादी मैदान का दौरा कर तैयारियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य मंच, विभिन्न विभागों और संस्थाओं के स्टॉल, पार्किंग क्षेत्र सहित आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने पर विशेष ध्यान दिया जाए और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए।
वीवीआईपी आवागमन और भीड़ प्रबंधन की समीक्षा
अपर मुख्य सचिव ने महोत्सव के दौरान *वीवीआईपी आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, ट्रैफिक प्रबंधन, पेयजल, बिजली आपूर्ति, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन* की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बड़ी संख्या में आगंतुकों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को एक-दूसरे के साथ समन्वय करने और आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने देने का निर्देश दिया।
आदिवासी संस्कृति का होगा प्रदर्शन
वंदना दादेल ने कहा कि आदिवासी महोत्सव झारखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी विभागों को गंभीरता और समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, संयुक्त निदेशक आनंद, टीआरआई निदेशक आलोक एस. कच्छप और संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी तथा एजेंसी प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।










