गुमला पुलिस ने अंतरराज्यीय कोरई गैंग के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी झारखंड सहित विभिन्न राज्यों में चोरी, छिनतई और लूट की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। उनके कब्जे से सोना, चांदी, नकद, हथियार, गोलियां और ताले तोड़ने के औजार बरामद हुए हैं।

लूट की योजना बना रहे थे

पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को गुमला के एसपी को सूचना मिली कि पालकोट थाना क्षेत्र के बिलिंगबिरा रोड स्थित सुमित केसरी के ईंट भट्ठे के सामने कुछ संदिग्ध व्यक्ति किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर एसडीपीओ बसिया के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों की तलाशी ली, जिसमें अवैध हथियार और गोलियां बरामद की गईं। इस कार्रवाई में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने पालकोट थाना कांड संख्या 35/26 और घाघरा थाना कांड संख्या 39/26 में शामिल अन्य आरोपियों की जानकारी दी। इसके परिणामस्वरूप इन दोनों मामलों में चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

12 लाख के आभूषण लूट से संबंध

पालकोट थाना कांड संख्या 35/26 में गिरफ्तार दो आरोपियों पर लगभग 12 लाख रुपये के आभूषण लूट का आरोप है। इसी प्रकार, घाघरा थाना कांड संख्या 39/26 में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस जांच में इस मामले से जोड़ा गया है।

सोना, चांदी और हथियारों की बरामदगी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 69.9 ग्राम सोना, 1.340 किलोग्राम चांदी और 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा, एक देशी पिस्टल, दो देशी कट्टा, 11 अलग-अलग बोर की गोलियां, सात मोबाइल फोन और दो मास्टर की भी जब्त की गई हैं। मास्टर की का उपयोग लॉक तोड़ने में किया जाता था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का संबंध ओडिशा के जाजपुर जिले के कोरई क्षेत्र से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह से है। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने विभिन्न राज्यों में चोरी, छिनतई और लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में आर अर्जुन उर्फ अवला अर्जुन, अक्षय कबाड़ी, येशु दास, किशुन दास, अवला शेखर, अर्जुन दास, माईकेल सावन, मनोज दास, भोला दात्त, करण नेताम और मेकला येशु शामिल हैं। इनमें से अधिकांश आरोपी ओडिशा के जाजपुर जिले के कोरई थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि करण नेताम छत्तीसगढ़ और मेकला येशु आंध्र प्रदेश से हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और शेष सामान की बरामदगी के लिए SIT की टीमें विभिन्न राज्यों में छापेमारी कर रही हैं।