चक्रधरपुर : झारखंड में शनिवार को ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। पश्चिमी सिंहभूम जिले के पोड़ाहाट अनुमंडल की विभिन्न मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। इस अवसर पर नमाजियों ने देश में अमन-चैन, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की दुआ मांगी। पूरा अनुमंडल ईद-उल-फितर के त्योहार की खुशियों से भरा रहा। सुबह से ही मुस्लिम मोहल्लों में चहल-पहल देखने को मिली, जहां मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। नमाजियों ने अच्छे जीवन जीने और अपने आचरण में सुधार पर जोर दिया। नमाज के बाद, लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी। बच्चों में भी ईद को लेकर विशेष उत्साह था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कड़े इंतजाम किए गए थे।

चक्रधरपुर की 13 मस्जिदों में अदा की गई नमाज

चक्रधरपुर की 13 मस्जिदों में नमाजियों ने ईद की नमाज पढ़ी। सभी मुसलमान नए वस्त्र पहनकर नमाज अदा करने मस्जिदों में पहुंचे। चक्रधरपुर, सोनुवा, गोइलकेरा और मनोहरपुर में नमाज का आयोजन किया गया।

एसडीओ ने की निगरानी

ईद की नमाज के दौरान एसडीओ श्रुति राजलक्ष्मी, प्रखंड विकास पदाधिकारी कांचन मुखर्जी और अंचल अधिकारी सुरेश कुमार सिन्हा ने निगरानी रखी। शहर की जामा मस्जिद में सुबह 9 बजे नमाज अदा की गई, जहां सबसे अधिक भीड़ थी। सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने राजबाड़ी रास्ते पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी, साथ ही शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध था। महात्मा गांधी हाई स्कूल के पास वाहनों को रोका गया था, और चक्रधरपुर थाना द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही थी।