खेत में काम करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गाउरा मुर्मू अपने खेत में धान की रोपाई कर रही थीं। सोमवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अचानक मौसम में बदलाव आया, जिसके बाद तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और वह इसकी चपेट में आ गईं। वज्रपात की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उन्हें गंभीर चोट आई और वह वहीं गिर पड़ीं। घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग तुरंत खेत की ओर दौड़ पड़े। महिला को मृत देखकर सभी हैरान रह गए। राजनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला स्थित सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस अचानक हुई मौत से गाउरा के परिजन गहरे सदमे में हैं। घर में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गाउरा मेहनती और मिलनसार थीं। मानसून के दौरान खेती के काम को निपटाने के लिए वह खेत गई थीं, लेकिन ठनका ने उनकी जान ले ली। प्रशासन ने परिजनों को आपदा राहत के तहत सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है। साथ ही, ग्रामीणों ने बारिश के मौसम में खेतों में काम करते समय सतर्क रहने की अपील की है।
