किसलय शानू, रांची

बोकारो ट्रेजरी घोटाले के मामले में सीआइडी द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआइटी) ने महत्वपूर्ण जानकारी उजागर की है। जांच में यह सामने आया है कि बोकारो एसपी कार्यालय के एकाउंट शाखा में तैनात होमगार्ड का जवान सतीश कुमार, घोटाले की राशि से 10 प्रतिशत कमीशन लेता था। यह राशि वह अपने खाते में ट्रेजरी घोटाले से प्राप्त रकम को ट्रांसफर करने और फिर इसे निकालकर कौशल पांडेय को देने के लिए लेता था। सतीश कुमार के खाते में लगभग 1.08 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे, जिसमें से उसने 10 प्रतिशत राशि कमीशन के रूप में प्राप्त की। प्रारंभिक जांच के दौरान यह भी पता चला कि सतीश कुमार को इस बात की पूरी जानकारी थी कि उसके खाते में पैसे ट्रेजरी घोटाले से आ रहे हैं। एसआइटी ने सतीश कुमार को 27 अप्रैल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वर्तमान में वह न्यायिक हिरासत में है। जांच के दौरान, एसआइटी ने 43 लाख रुपये को फ्रीज करने की कार्रवाई भी की है। सतीश कुमार की गिरफ्तारी के बाद, अनुसंधान के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर एसआइटी ने 29 अप्रैल को एएसआइ अशोक कुमार भंडारी को भी गिरफ्तार किया, जो बोकारो एसपी कार्यालय के एकाउंट शाखा में तैनात थे।

अशोक भंडारी के एकाउंट में भी ट्रांसफर हुए थे 42 लाख

एसआइटी ने बैंक से प्राप्त स्टेटमेंट का विश्लेषण करने के बाद यह पाया कि मुख्य आरोपी लेखापाल कौशल पांडेय ने अशोक भंडारी के खाते में 42 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। पूरे घोटाले में अशोक भंडारी, कौशल पांडेय के सहायक के रूप में काम कर रहे थे।