जामताड़ा: 
रेल यात्रा में शांति बनाए रखने के लिए रेलवे ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
 पूर्व रेलवे ने यात्रियों को मोबाइल फोन के उपयोग को लेकर सख्ती बरतने का निर्देश दिया है। ट्रेनों में तेज आवाज में बातचीत करना, लाउडस्पीकर पर गाने सुनना या वीडियो चलाना अब यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

ईयरफोन का उपयोग अनिवार्य

पूर्व रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन और स्टेशन परिसर में मोबाइल का उपयोग करते समय सार्वजनिक शिष्टाचार का ध्यान रखें। लाउडस्पीकर का उपयोग न करने की सलाह दी गई है और इसके लिए ईयरफोन या हेडफोन का उपयोग करने को कहा गया है। इसके साथ ही, तेज आवाज में बातचीत करने से बचने के लिए भी यात्रियों को निर्देशित किया गया है। फोन को साइलेंट या वाइब्रेशन मोड पर रखकर रिंगटोन की आवाज कम करने की सलाह दी गई है।

जागरूकता अभियान की शुरुआत

रेलवे द्वारा निर्देशों के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत रेलवे स्टेशनों पर और ट्रेनों में सार्वजनिक उद्घोषणाओं के माध्यम से नियमित घोषणाएं की जाएंगी। ये घोषणाएं हिंदी, अंग्रेजी और संबंधित क्षेत्रीय भाषाओं में होंगी। इसके अतिरिक्त, स्टेशनों के प्रमुख स्थानों और कोचों में जागरूकता संबंधी पोस्टर और सूचना-पट्ट लगाए जाएंगे, खासकर एसी कोचों में यात्रियों को शोर-शराबे से बचने के लिए जागरूक किया जाएगा।