बोकारो: झामुमो महानगर अध्यक्ष ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
झामुमो के महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने बोकारो में होमगार्ड जवानों की नियुक्ति और वेतन को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में होमगार्ड जवानों को 30 हजार रुपये से अधिक का भुगतान किया जा रहा है, जिसका खर्च बीएसएल प्रबंधन उठाता है। जबकि, निजी सुरक्षा एजेंसियां केवल 10 से 12 हजार रुपये मासिक वेतन पर गार्ड उपलब्ध कराती हैं।
सुरक्षा की जिम्मेदारी और लागत कम करने का मुद्दा
यादव ने सवाल किया कि क्या शहर की सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी केवल लागत कम करने के आधार पर तय की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रबंधन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि निजी एजेंसी के गार्डों की नियुक्ति में पहचान सत्यापन, पुलिस जांच, प्रशिक्षण और सुरक्षा संबंधी दक्षता सुनिश्चित करने की क्या व्यवस्था है।
स्थानीय युवाओं का रोजगार और परिवारों का भविष्य
मंटू यादव ने बताया कि एक ओर स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और झारखंड के लोगों के हितों की रक्षा की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक क्षेत्र के बड़े प्रतिष्ठान में वर्षों से सेवाएं दे रहे करीब 300 जवानों को हटाने की तैयारी की जा रही है। इससे इन जवानों के परिवारों की आजीविका पर गंभीर संकट आ सकता है। उन्होंने प्रबंधन से यह भी सवाल किया कि प्रशिक्षित स्थानीय जवानों को हटाने की आवश्यकता क्यों महसूस की जा रही है।
