गढ़वा:
झारखंड के गढ़वा जिले में उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा से संबंधित फेसबुक पर भ्रामक पोस्ट डालने और शौचालय जियोटैग के नाम पर पैसे की उगाही करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई जिला प्रशासन के निर्देश पर की गई है।
प्राथमिकी की जानकारी
विशुनपुरा थाना में 19 नवंबर को पंकज कुमार यादव, ग्राम जतपुरा, पंचायत सरांग, प्रखंड विशुनपुरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं, शौचालय जियोटैग के नाम पर पैसे की उगाही करने वाले अविनेश कुमार, ग्राम करमडीह, पंचायत करमडीह, प्रखंड मझिआंव के खिलाफ 20 नवंबर को मझिआंव थाना में केस दर्ज हुआ। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत कार्रवाई की गई है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या निराधार सूचना को साझा करने से बचें। प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि किसी भी खबर या जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
