झारखंड में प्री-मॉनसून गतिविधियों में तेजी
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से झारखंड में प्री-मॉनसून गतिविधियाँ सक्रिय हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। इससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। राजधानी रांची और दक्षिणी एवं मध्य झारखंड के जिलों में मौसम का प्रभाव अधिक देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 9 मई के लिए रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग और बोकारो जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही वज्रपात और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है। हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, गुमला और पूर्वी जिलों में भी तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। दक्षिणी जिलों पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भी आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
किसानों और आम जनता के लिए सतर्कता की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों, मजदूरों और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले मैदानों और खेतों में काम करते समय वज्रपात और तेज हवाओं से बचने के लिए सावधानी बरतने की आवश्यकता है। विभाग के अनुसार, 10 मई तक मौसम इसी प्रकार बना रह सकता है, जबकि 14 मई तक राज्य में आंधी-बारिश का सिलसिला चलने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी झारखंड के जिलों चतरा, पलामू और गढ़वा में गर्मी का असर अधिक रहने की आशंका है, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
