झारखंड में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

झारखंड में चक्रवात ‘अर्नब’ के चलते मौसम विभाग ने 27 से 29 अक्टूबर तक कई जिलों में वज्रपात, गरज-चमक और तेज हवाओं के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है, कुछ स्थानों पर यह 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। रांची, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, जामताड़ा, दुमका और कोल्हान क्षेत्र के जिलों में मौसम बिगड़ने की आशंका है। इसके साथ ही 30 और 31 अक्टूबर के लिए भी चेतावनी जारी की गई है।

बिजली विभाग की तैयारियाँ

मौसम की इस संभावित स्थिति को देखते हुए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने रांची अंचल में हाई अलर्ट जारी किया है। अधीक्षण अभियंता डीएन साहू ने बताया कि आंधी और बारिश के कारण बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचने पर आपूर्ति बहाल करने के लिए आवश्यक उपाय किए गए हैं। ट्रांसफॉर्मर और बिजली के खंभों का अतिरिक्त स्टॉक तैयार रखा गया है और कई बिजलीकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। जरूरत पड़ने पर चलित ट्रांसफार्मर भी तैनात रहेंगे।

आसपास के क्षेत्रों में बारिश की चेतावनी

चक्रवात ‘अर्नब’ के चलते ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में 27 और 28 अक्टूबर को अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 28 और 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना में 28 अक्टूबर और बिहार तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को भी भारी बारिश का अनुमान है। पूर्वी मध्य प्रदेश में भी 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।