झारखंड में शिक्षक नियुक्ति का सपना हुआ सच

झारखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे 1018 अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 जून को चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने वाले हैं। इस संबंध में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने आवश्यक तैयारियों को पूरा कर लिया है। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह रांची के प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। सभी 1018 अभ्यर्थियों का चयन झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा किया गया है, जिसमें प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 1 से 5) और मध्य विद्यालय (कक्षा 6 से 8) के शिक्षक शामिल हैं। आयोग की अनुशंसा के बाद अभ्यर्थियों की जिला स्तर पर काउंसलिंग प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। अब इन अभ्यर्थियों को केवल नियुक्ति पत्र का इंतजार है।

दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया शुरू

इसके अलावा, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के तहत छह विषयों के लिए 466 अभ्यर्थियों को सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन के लिए शॉर्टलिस्ट किया है। इसमें माध्यमिक आचार्य और विशेष शिक्षा आचार्य दोनों पदों के अभ्यर्थी शामिल हैं। आयोग के अनुसार, शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच 18 और 19 जून को रांची के नामकुम स्थित जेएसएससी कार्यालय में दो पालियों में की जाएगी।