रांची में हाल ही में हुए निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र संख्या-328 और 347 के अंतर्गत कुछ पात्र मतदाता अपने नाम मतदाता सूची में नहीं पाए गए। मतदान केंद्र संख्या-328 में 28 और 30 वर्ष की आयु की दो महिलाओं का नाम मतदाता सूची में नहीं था, जबकि मतदान केंद्र संख्या-347 में 18 से 20 वर्ष के तीन युवा मतदाताओं की पहचान की गई, जिनका नाम भी सूची में नहीं था।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि होम-टू-रोल विजिट अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर परिवार का योग्य भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराए। इसके लिए बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को घर-घर जाकर सत्यापन करना होगा। सभी ऐसे पात्र नागरिक, जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक है और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं है, उनका पंजीकरण फॉर्म-6 के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा।
