नई दिल्ली
झारखंड की आदिवासी महिला नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। निशा भगत ने अपनी मौत से पहले फेसबुक पर लाइव आकर अपनी पीड़ा व्यक्त की थी, जिससे उनकी मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
आयोग ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि आयोग जल्द ही झारखंड राज्य के उच्च अधिकारियों को पत्र भेजकर पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब करेगा। आयोग जानना चाहता है कि किन परिस्थितियों में यह दुखद घटना हुई। इसके साथ ही, मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा
डॉ. लकड़ा ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग आदिवासी समाज के हितों, उनकी सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आयोग किसी भी प्रकार के अन्याय, उत्पीड़न या अधिकारों के हनन के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए तत्पर है।
