प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने बीजेपी पर लगाया गंभीर आरोप
रांची में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अख्तर अली ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सत्ता में रहते हुए मॉब लिंचिंग को नजरअंदाज करना और विपक्ष में आते ही अल्पसंख्यक मंत्रियों के खिलाफ साजिश करना, यही भाजपा का असली चेहरा है।
अली ने कहा कि भाजपा अल्पसंख्यकों की तरक्की, उनके लोकतांत्रिक अधिकारों और राज्य के विकास में उनकी भागीदारी को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। उन्होंने मंत्री इरफान अंसारी के बयान को बेवजह तूल देकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने को उनकी कुंठित राजनीति का प्रमाण बताया।
इसके साथ ही, अली ने मंत्री हफीजुल हसन के बयानों को तोड़-मरोड़कर उनके खिलाफ मधुपुर उपचुनाव में धमकियां देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के मामले में बिना किसी संदिग्ध दस्तावेज या पैसे की बरामदगी के उन्हें जेल में रखने की स्थिति पैदा की गई, जो केंद्रीय एजेंसियों और सत्ता तंत्र के राजनीतिक प्रतिशोध के इस्तेमाल को दर्शाता है।
