बेतिया में ज्वेलरी की बड़ी लूट: बिहार के बेतिया में बुधवार को दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शोरूम में लूट की घटना सामने आई है। कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया रोड पर स्थित सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स के शोरूम में आठ हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलते हुए कर्मचारियों को बंधक बना लिया और सोने-हीरे के आभूषण लूट लिए। तीन बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

लूट की राशि 30 से 40 करोड़ के बीच

प्रारंभिक जांच के अनुसार, लुटेरों ने लगभग 30 से 40 करोड़ रुपये के गहने चुराए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर दी है और लुटेरों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। इस वारदात ने बेतिया के निवासियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ा जाएगा।