जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा क्षेत्र में मंगलवार सुबह 62 वर्षीय सोनाधर नाग का शव मिलने से हड़कंप मच गया। उनके शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए जाने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर उनकी साइकिल भी लावारिस हालत में पाई गई। सोनाधर सोमवार शाम को साइकिल लेकर घर से निकले थे, लेकिन रातभर लौटे नहीं।

सोमवार शाम को निकले थे घर से

मृतक सोनाधर नाग कदमा के हुलांग रोड स्थित बेल्डीह ग्राम बस्ती के निवासी थे। उनके पुत्र विशाल नाग के अनुसार, पिता सोमवार शाम लगभग पांच बजे साइकिल लेकर घर से निकले थे। देर रात तक उनकी वापसी न होने पर परिवार के सदस्यों ने आस-पास के इलाकों और परिचितों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह लिंक रोड पर उनके शव पड़े होने की सूचना मिली, जिसे पहचानने पर परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही कदमा पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से 200 मीटर दूर सोनाधर की साइकिल भी मिली है। उनके शरीर पर चोट के निशान और साइकिल का मिलना पुलिस के लिए जांच के महत्वपूर्ण पहलू बन गए हैं। मृतक के पुत्र विशाल नाग ने अज्ञात व्यक्तियों पर हत्या की आशंका जताई है।