जामताड़ा: सड़क दुर्घटना में एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

करमाटांड़ प्रखंड के कठबरारी गांव में एक भीषण सड़क दुर्घटना में चेतलाल मंडल (45) की मौत हो गई, जबकि उनके साथी श्यामलाल मंडल (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब दोनों बाइक पर चाकुंडा गांव स्थित निवारण मंडल के घर जा रहे थे। डुमरिया ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निजी गाड़ी का इंतजाम किया और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) रेफर किया।

अस्पताल में इलाज के दौरान चेतलाल मंडल की मृत्यु हो गई, जिससे उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, श्यामलाल मंडल की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना दिया है।