गरीबी की चुनौतियों को मात देकर अंतरराष्ट्रीय हॉकी तक पहुंची पार्वती, कामडारा में भव्य स्वागत
गांडीव रिपोर्टर
गुमला। चीन में 4 से 13 सितंबर तक आयोजित जूनियर महिला एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली गुमला की हॉकी खिलाड़ी पार्वती तोपनो का कामडारा हॉकी मैदान में डे-बोर्डिंग सेंटर के खिलाड़ियों व ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। पार्वती जिले की इकलौती खिलाड़ी थीं, जिन्होंने इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इससे पहले वह 2025 में चिली में आयोजित जूनियर महिला वर्ल्ड कप में भी खेल चुकी हैं। पार्वती ने सिमडेगा, मणिपुर, राउरकेला, ग्वालियर, पंजाब और चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया है।

पार्वती ने वर्ष 2017 में कामडारा हॉकी डे-बोर्डिंग सेंटर से खेल की शुरुआत की। इसके बाद छह वर्ष बारियातू, एक वर्ष मोरहाबादी और फिर बेंगलुरु एनसीओई में प्रशिक्षण लिया। कुम्हारटोली निवासी मजदूर परिवार की बेटी पार्वती ने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद कड़ी मेहनत से अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया।



