रांची। राजधानी रांची में दुर्गा पूजा की भव्यता देखते ही बन रही है। शहर के विभिन्न इलाकों में तैयार किए गए आकर्षक पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कहीं भगवान श्रीकृष्ण की नगरी द्वारका की झलक देखने को मिल रही है, तो कहीं वाराणसी के प्रसिद्ध स्वर्वेद महामंदिर की भव्य वास्तुकला लोगों को मंत्रमुग्ध कर रही है। गुरुवार को पंचमी के अवसर पर कई पूजा पंडालों के पट खुलते ही मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पूजा पंडालों और मेले को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
अल्बर्ट एक्का चौक पर द्वारका नगरी का एहसास
राजधानी के हृदयस्थल अल्बर्ट एक्का चौक पर चंद्रशेखर आजाद क्लब की ओर से तैयार किया गया भव्य पूजा पंडाल विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां भगवान श्रीकृष्ण की नगरी द्वारका की प्रतिकृति बनाई गई है। पंडाल में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को द्वारका धाम जैसा धार्मिक वातावरण महसूस हो रहा है।
पंडाल की खास बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फरवरी 2024 में गुजरात के द्वारका दौरे से जुड़ी तस्वीरें हैं। इनमें समुद्र के भीतर स्थित प्राचीन और जलमग्न द्वारका के स्थल पर प्रधानमंत्री द्वारा पूजा-अर्चना किए जाने की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई हैं। इन तस्वीरों को देखने के लिए लोग विशेष रुचि दिखा रहे हैं।
आयोजकों ने पंडाल के माध्यम से धार्मिक आस्था, भारत की ऐतिहासिक विरासत और तीर्थस्थलों के महत्व को प्रदर्शित करने का प्रयास किया है। पंडाल के पट खुलने से पहले ही यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा किया गया था। बुजुर्गों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वॉलंटियर तैनात किए गए हैं।
कला संगम दुर्गा पूजा समिति, नॉर्थ मार्केट रोड, अपर बाजार पूजा पंडाल का पट खुलने और दर्शन शुरू होने के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ रही है। शहर के अलग-अलग इलाकों में सजे पंडालों को देखने के लिए लोग परिवार और दोस्तों के साथ निकल रहे हैं।
जिला स्कूल मैदान में स्वर्वेद महामंदिर की भव्य प्रतिकृति
अपर बाजार स्थित जिला स्कूल मैदान में श्री रामलला दुर्गा पूजा समिति की ओर से तैयार किया गया पंडाल भी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। इस वर्ष पंडाल को वाराणसी के प्रसिद्ध स्वर्वेद महामंदिर की तर्ज पर बनाया गया है। इसकी भव्य संरचना, बारीक नक्काशी और आकर्षक विद्युत सज्जा लोगों का ध्यान खींच रही है।
पंडाल के निर्माण पर लगभग 1.45 करोड़ से 1.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके भीतर मां दुर्गा की करीब 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। मंदिर जैसी वास्तुकला और भव्य सजावट के कारण यह पंडाल राजधानी के चर्चित पूजा स्थलों में शामिल है। पंडाल का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। वहीं, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने इसकी भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि इसे देखकर ऐसा लग रहा है, मानो रांची में बनारस उतर आया हो। पट खुलने के बाद यहां मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है।

मेले की रौनक, झूलों को लेकर बच्चों में उत्साह
अपर बाजार स्थित जिला स्कूल मैदान में श्री रामलला दुर्गा पूजा समिति व नवयुवक संघ, बकरी बाजार में दुर्गा पूजा के साथ मेले की रौनक भी देखने को मिल रही है। यहां बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ पहुंच रहे हैं। मेले में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा है। कोई खिलौनों की ओर आकर्षित हो रहा है, तो कोई झूले पर चढ़ने की जिद कर रहा है। बच्चों की आवाजें और मेले की चहल-पहल पूरे इलाके को उत्सव के रंग में रंग रही हैं। पूजा पंडालों के साथ मेले में लगी दुकानों, रोशनी और मनोरंजन के साधनों के कारण शाम होते ही लोगों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। परिवार के साथ पूजा घूमने निकले लोग पंडालों की सजावट और मेले का आनंद ले रहे हैं।

पंचमी पर भक्तिमय हुआ माहौल
दुर्गा पूजा के दौरान रांची में धार्मिक आस्था के साथ कला, संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। अलग-अलग थीम पर बने पंडाल शहर की खूबसूरती बढ़ा रहे हैं। पंचमी पर कई स्थानों पर पट खुलने के साथ ही मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। हटिया स्टेशन दुर्गा पूजा समिति, आरआर स्पोर्टिंग क्लब, रातू रोड, हरमू पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति,नेताजी नगर दुर्गा पूजा कमेटी, कोकर, बांधगाड़ी, बूटी मोड़, रांची रेलवे स्टेशन, ओसीसी क्लब सहित मेन रोड केद्वारका नगरी से लेकर स्वर्वेद महामंदिर तक की प्रतिकृतियां और बकरी बाजार जैसे इलाकों में मेले की रौनक इस बार की दुर्गा पूजा को खास बना रही है। आने वाले दिनों में सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की संभावना है।