देवघर:
देवघर में एक अवैध नेल पॉलिश फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के देवसंघ नवदुर्गा मंदिर के पीछे स्थित फैक्ट्री में हुई, जहां केमिकल में आग लगने से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के रिहायशी इलाके में रहने वालों के बीच दहशत फैल गई। घटना सुबह करीब चार बजे की है।
केमिकल के कारण आग का विकराल रूप
फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में रासायनिक पदार्थ मौजूद होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशामक विभाग ने मौके पर पहुंचकर चार दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों को आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब चार से पांच घंटे की मेहनत करनी पड़ी। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही।
संचालक की अनुपस्थिति पर सवाल
इस घटना के बाद फैक्ट्री के संचालक गुड्डू बरनवाल की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बन गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय संचालक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे और उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ था। इस स्थिति ने स्थानीय समुदाय में और भी चिंता बढ़ा दी है।
