गढ़वा: गढ़वा जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस संबंध में उपायुक्त पीएन मिश्रा ने 80-गढ़वा और 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने गांवों में जाकर मतदाताओं से सीधे बातचीत कर SIR के तहत हो रहे कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
बीएलओ और बीएलए-2 की बैठकें आयोजित
जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में चुनाव पाठशाला का भी आयोजन किया गया, जहां निर्वाचन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की गई।
गांवों का निरीक्षण
उपायुक्त पीएन मिश्रा ने 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के लगमा गांव में मतदान केंद्र संख्या 206, 207 और 208 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसके अलावा, 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के रमना प्रखंड के कोरबा गांव में मतदान केंद्र संख्या 340 पर पहुंचकर मतदाताओं से संवाद किया। उन्होंने मतदाता सूची में नाम दर्ज होने, नए मतदाताओं की संख्या और किसी योग्य मतदाता का नाम सूची से छूटने जैसे विभिन्न मुद्दों पर जानकारी प्राप्त की। डीसी ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि निर्वाचन कर्मियों द्वारा किए गए कार्यों में कोई कमी न रह जाए।
