पाकुड़: पहाड़िया समाज ने सरकारी नौकरियों में आदिम जनजातियों के लिए 2 प्रतिशत आरक्षण लागू करने और आदिम जनजाति महिलाओं को 2500 रुपये की मासिक पेंशन देने की मांग की है। यह मांग हाल ही में आयोजित एक बैठक में उठाई गई है।
समाज की 10 सूत्री मांगें
बैठक में पहाड़िया समाज ने झारखंड जनजातीय सलाहकार परिषद में अपने प्रतिनिधि की नियुक्ति, वर्षों से रिक्त पहाड़िया कल्याण पदाधिकारी और क्षेत्रीय पर्यवेक्षक के पदों को भरने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही, विकास के लिए मिलने वाली केंद्रीय सहायता राशि का उपयोग सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
समिति ने ऐतिहासिक दामिन-ए-कोह की सीमा पर पक्के पिलर से घेराबंदी, अतिक्रमण हटाने और डाक बंगलों का निर्माण कराने का मुद्दा भी उठाया। इसके अलावा, खतियान में माल जाति दर्ज होने के बावजूद अनुसूचित आदिम जनजाति की सूची में शामिल नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई।
समिति ने 2 नवंबर 1894 की अधिसूचना संख्या 4844 का हवाला देते हुए सौरिया कंट्री के लिए पहाड़िया स्वायत्त परिषद के गठन की मांग की। इसके साथ ही, लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभा में आदिम जनजातियों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने और राजमहल की पहाड़ियों में उत्खनन बंद कराने की मांग भी रखी गई।





