रांची:
उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का प्रभाव झारखंड में साफ नजर आ रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है, जिसमें लातेहार राज्य का सबसे ठंडा जिला बन गया है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार, यहां पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। इसके अलावा गुमला, रांची और खूंटी में भी तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है।
तीन दिनों तक तापमान में स्थिरता
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। हालांकि, 30 नवंबर के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसमी उतार-चढ़ाव के चलते सुबह और रात में ठंडक बढ़ गई है, लेकिन दिन में धूप से कुछ राहत मिल रही है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 28 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच रांची समेत कई क्षेत्रों में सुबह के समय मध्यम कोहरे की संभावना है। इस दौरान रांची में अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
नवंबर में रांची का तापमान
पिछले 10 वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि नवंबर में रांची का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे जाने का यह तीसरा अवसर है। इससे पहले 2017 में 9.2 डिग्री और 2025 में 8.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। इस बार 27 नवंबर को रांची का तापमान 9.8 डिग्री पर पहुंच गया है।
