रांची: झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को मंजूरी देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। साहू ने कहा कि इन विधेयकों के पारित होने से झारखंड में लोकसभा सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा सीटें 81 से बढ़कर 121 हो जाएंगी। उन्होंने आगामी संसद सत्र में इन विधेयकों के बहुमत से पास होने की उम्मीद जताई।
परिसीमन की आवश्यकता
आदित्य साहू ने बताया कि देश की जनसंख्या और भौगोलिक आवश्यकताओं में बदलाव के कारण परिसीमन की आवश्यकता महसूस हो रही है। वर्तमान में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का दायरा बड़ा होने के कारण जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्रों में जनता की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान है, जिससे झारखंड में सीटों की संख्या बढ़ने से एसटी, एससी सहित अन्य वर्गों के प्रतिनिधित्व में भी वृद्धि होगी।
महिला आरक्षण का महत्व
महिला आरक्षण से जुड़े निर्णय को साहू ने देश की पुरानी आकांक्षा को पूरा करने और महिलाओं को राजनीतिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उचित अधिकार दिलाने का महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रतिनिधित्व का मामला नहीं, बल्कि लोकतंत्र को अधिक समावेशी और सशक्त बनाने का संकल्प है। साहू ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उन्होंने महिला आरक्षण के नाम पर सिर्फ राजनीति की, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने इस दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।





