बोकारो:
Bokaro News: बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र में एक युवक के शव की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने बुधवार को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में सूरज कुमार उर्फ भुरा (28) को गिरफ्तार किया है। मुख्यालय के डीएसपी पवन कुमार के अनुसार, नशा करने के लिए पैसे मांगने और पैसे न मिलने पर हुए विवाद के चलते अमित कुमार की हत्या की गई। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सबूतों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की है।
17 अक्टूबर की रात मिली थी युवक की लाश
पुलिस इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात को डोमपाड़ा के नीचे एक युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। इस मामले में माराफारी थाना कांड संख्या 85/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।
घटनास्थल से बरामद सबूत
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक गमछा, चप्पल और ‘हर-हर महादेव’ लिखा हुआ गंजी बरामद किया गया था। डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान इन सामानों की पहचान अपने सामान के रूप में की। पुलिस का दावा है कि वारदात के बाद आरोपी के ये सामान घटनास्थल पर छूट गए थे।
