गिरिडीह:
Girdih News: गिरिडीह जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गठित विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर कई सामान बरामद किए हैं। इनमें पिघला हुआ सोना, चांदी की पायल, नकदी, कांसा-पीतल के बर्तन, गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से सरिया, धनवार, बिरनी और बगोदर थाना क्षेत्रों में दर्ज 13 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई एसआईटी
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बगोदर-सरिया और खोरीमहुआ अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। यह टीम चोरी की घटनाओं की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय रूप से प्रयास कर रही थी।
बागोडीह में चोरी के बाद आरोपियों का पीछा
इस सिलसिले में 16 अक्टूबर 2026 की रात सरिया थाना और भरकट्टा ओपी की गश्ती टीम ने बागोडीह में चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों का पीछा किया। इस दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिल, ताला तोड़ने का औजार, एक की-पैड मोबाइल और अन्य सामान बरामद किए गए। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में बागोडीह निवासी शांति की शिकायत पर सरिया थाना में कांड संख्या 159/2026 दर्ज किया गया है।
