गिरिडीह:
झारखंड के गिरिडीह में एक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 71 वर्षीय अधिवक्ता सहदेव नारायण चौधरी और उनकी 65 वर्षीय पत्नी माया देवी के रूप में हुई है। यह हादसा रानिखाव-जमुआ मुख्य मार्ग पर उसरी नदी पुल के पास हुआ। दोनों देवरी स्थित अपने गांव मनिकबाद से पूजा कर मोटरसाइकिल पर लौट रहे थे।
कार से बचने के प्रयास में दुर्घटना
सूत्रों के अनुसार, सहदेव नारायण चौधरी और माया देवी जब अपनी मोटरसाइकिल पर थे, तभी सामने से आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दुर्घटना में माया देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सहदेव नारायण चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान अधिवक्ता की भी मौत
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल अधिवक्ता को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। हालांकि, इलाज के दौरान सहदेव नारायण चौधरी ने भी दम तोड़ दिया। पति-पत्नी की एक साथ मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और परिजन गहरे सदमे में हैं।
