रांची में बढ़ी बच्चों की गुमशुदगी की घटनाएं
रांची: राजधानी रांची में हाल के दिनों में बच्चों के गुमशुदगी के मामले में वृद्धि देखी जा रही है। हाल ही में अरगोड़ा क्षेत्र से लापता हुए तीन नाबालिग बच्चों को रांची पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खोज निकाला है। इन बच्चों को बिहार के बरौनी से बरामद किया गया है और फिलहाल वे रांची पुलिस की टीम के पास सुरक्षित हैं। इस पूरे मामले की निगरानी स्वयं एसएसपी राकेश रंजन कर रहे थे। बच्चों के मिलने की सूचना उनके परिजनों को पुलिस द्वारा दी गई, और परिजनों ने रांची पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है।
बच्चों को खोजने के लिए बनाई गई 8 टीमें
अरगोड़ा थाना को बच्चों के गायब होने की सूचना देर रात प्राप्त हुई। इस गंभीर मामले को देखते हुए थाना प्रभारी सतीश गोराई ने तुरंत एसएसपी राकेश रंजन को जानकारी दी। इसके बाद राकेश रंजन के निर्देश पर 8 टीमें गठित की गईं, जो बच्चों की तलाश में जुट गईं। पुलिस ने इस दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें बच्चों को अरगोड़ा स्टेशन की ओर जाते हुए देखा गया। इसके पश्चात, रांची पुलिस की टीम बिहार के लिए रवाना हुई और वहां बरौनी से तीनों नाबालिग बच्चों को खोज निकाला।
