रांची। चुटिया थाना क्षेत्र के पावर चौक के पास बुधवार रात ज्वेलर्स दुकानदार और स्थानीय युवकों के बीच हुई मारपीट के बाद गुरुवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग चुटिया थाना पहुंचे। लोगों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोनों पक्षों के खिलाफ तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, पावर चौक के पास स्थित एक ज्वेलरी दुकान के संचालक और चुटिया के नायक टोली निवासी कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों के करीब छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों पक्षों ने लगाया मारपीट का आरोप
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। वहीं, थाना पहुंचे स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मामले में पुलिस की कार्रवाई एक पक्ष के पक्ष में होती दिखाई दे रही है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में लोग थाना पहुंचे और पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी।
स्थानीय लोगों ने कहा कि जब विवाद में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं, तो पुलिस को दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने चाहिए। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जानी चाहिए। लोगों ने निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने कहा- साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
इधर, थाना पहुंचे लोगों से पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि मारपीट की घटना की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से मिली जानकारी, बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
